संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा जिला कार्यालय कपिल कमल में गुरु तेग बहादुर जी के 350वें बलिदान दिवस के उपलक्ष्य में 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर एक विस्तृत व महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने की। इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित है, जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
बैठक में जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि गुरु तेग बहादुर साहिब की उस महान बलिदान परंपरा का स्मरण है, जिसने मानवता, धार्मिक स्वतंत्रता और साहस की अनूठी मिसाल पेश की। उन्होंने कैथल जिले से 10,000 से अधिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी पदाधिकारियों को तैयारियां युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से सिख समुदाय की भागीदारी पर भी जोर देते हुए कहा कि उनकी उपस्थिति इस आयोजन को और अधिक सार्थक बनाएगी। जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि गुरु तेग बहादुर साहिब का बलिदान पूरी मानवता के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। उनका जीवन त्याग, परोपकार और धर्म की रक्षा के अद्वितीय उदाहरणों से भरा है। कैथल भाजपा इस आयोजन में पूरे समर्पण के साथ योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता इस कार्यक्रम की सफलता को अपना कर्तव्य मानकर कार्य करेगा और हर गांव, हर वार्ड व हर समुदाय तक पहुंचकर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करेगा।
बैठक में पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीलाराम, जिला परिषद चेयरमैन कर्मवीर कौल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।