कैथल। बेटे को अमेरिका भेजने के नाम पर एक आरोपी ने शहर के एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्रताप गेट निवासी रामपाल ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि उसे व उसके बेटे को जून 2022 में करनाल से आते समय बस में एक व्यक्ति मिला था, जिसने अपना नाम सुनील दत्त बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह वाणी एक्सपोर्ट का मालिक है और तीन ई ग्राउंड फ्लोर झंडेवाला एक्सटेंशन न्यू दिल्ली में रहता है। वह उसके बेटे को अमेरिका भेज सकता है। उन्होंने उसका मोबाइल नंबर ले लिया।
बातचीत में आरोपी ने उसके बेटे को विदेश भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये मांगे। उन्होंने अलग-अलग समय में आरोपी को 10 लाख रुपये दे दिए। सुनील ने एक सप्ताह के अंदर वीजा देने का आश्वासन दिया और कैथल से पैसे व पासपोर्ट ले गया। बाद में कई बार दिल्ली चक्कर कटवाने के बाद आरोपी ने 15 अक्तूबर 2022 को पासपोर्ट वापस कर दिया और 10 लाख रुपये के लिए तीन महीने का समय मांगा।
पहले वह फोन पर आश्वासन देता रहा कि रुपये लौटा देगा, लेकिन अब 20 मार्च 2023 को रुपये देने से साफ मना कर गया। आरोपी ने उसे रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी है। एसएचओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।