संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। निजी स्कूल संचालकों के विरोध के बाद आरटीए ने बसों की खामियों को पूरा करने के लिए 10 दिन का समय दिया है। अप्रैल माह के अंत तक सभी खामियां पूरी कर बसों की पासिंग करवानी है। यदि इसके बाद भी बसों में सुरक्षा व्यवस्था की कमी पाई गई तो बसों के चालान किए जाएंगे।
गौरतलब है कि बीते दिनों महेंद्रगढ़ के कनीना में निजी स्कूल की बस दुर्घटनाग्रस्त होने से कई बच्चों की मौत हो गई थी और कई बच्चे घायल हो गए थे। इसके बाद आरटीए सतर्क हो गया और उसने निजी स्कूल बच्चों की फिटनेस जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान कई स्कूल बसों में खामियां मिली। लगभग 53 बसों को चेक कर 16 को इंपाउंड किया। इसके साथ ही लगभग ढाई लाख रुपये बसों के चालान कर वसूले। इस पर निजी स्कूल संचालकों ने आरटीए के अधिकारियों का विरोध किया। बीते दिन भारी संख्या में निजी स्कूल संचालक एडीसी से भी मिले। इसके बाद एडीसी ने आरटीए विभाग के अधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान आरटीए ने निजी स्कूल संचालकों को 10 दिन तक समय दिया है। इस दौरान सभी खामियां पूरी करने के लिए निर्देश दिए। यदि इसके बाद अप्रैल माह के अंत में सभी स्कूल बसों की पासिंग की जाएगी। यदि खामियां मिली तो बसों के चालान किए जाएंगे।
तीन दिन की जांच के दौरान ज्यादातर में मिलीं खामियां
तीन दिन तक स्कूलों की बसें चेक की। अधिकतर में सुरक्षा व्यवस्था की खामियां मिली थीं। कई के चालान भी किए। अब स्कूल संचालकों को 10 दिन का समय दिया गया है। इस दौरान बसों का सभी खामियां पूरी तरह से ठीक करानी है। 10 दिन बाद पासिंग में कमी पाई गई तो संबंधित स्कूलों के चालान किए जाएंगे।
- शीशपाल, सचिव, आरटीए, कैथल।
बसों की फिटनेस के लिए पहुंचें आरटीए कार्यालय
जिले के जिन स्कूल संचालकों को बसों की फिटनेस करवानी है या अपेक्षित है, वे अपनी बसों को आरटीए कार्यालय कैथल लेकर आ सकते हैं। परिवहन विभाग की ओर से यह विशेष सुविधा प्रदान की जा रही है। वाहनों की पासिंग का कार्य 17, 20, 21, 27, व 28 अप्रैल को सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। -गिरिश कुमार-सचिव, जिला परिवहन अधिकारी-कम-प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण