संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। बीर बांगडा गांव में वीरवार को नहर पुल के निकट आग लगने के कारण करीब 10 एकड़ में खडे गेहूं के फाने व हजारों रुपये की पाइप जलकर राख हो गई।
गांव के सरपंच दीपक राणा ने आगजनी की सूचना तुरंत प्रभाव से दमकल विभाग को दी। बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक स्थान से दमकल की गाड़ी आग बुझाकर गई, तभी नहर के दूसरी तरफ फानों में आग लग गई। गर बीच में नहर नहीं होती तो बीर बांगड़ गांव तक आग पहुंच सकती थी।
फाने सूखे होने तथा तेज हवा होने के कारण आग ने खूब तांडव मचाया। हालांकि आसपास के किसानों ने अपने ट्रैक्टरों व पानी के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से बढ़ गई। वहीं राजौंद डिस्टीब्यूटरी पर काम चल रहा था। आग के भय से वहां काम करने वाली मशीनों को भी दूर ले जाया गया, ताकि कोई अनहोनी न हो सके। इसके साथ ही वहां काम कर रहे श्रमिक भी नहर से दूर चले गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आगजनी में किसान पप्पू राणा व अन्य किसानों को भारी नुकसान हुआ है।