अलेवा। बाहरी लिंक मार्ग पर करनाल के बाहरी निवासी बाइक सवार से कार सवार दो युवकों ने 35 हजार रुपये छीन लिए। वारदात की सूचना मिलने के बाद करनाल के असंध की पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने एरिया अलेवा का बताया। बाद में अलेवा थाना प्रभारी बनवारी लाल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर कार सवार दो अज्ञात लोगों के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर लिया है।
करनाल जिले के बाहरी गांव निवासी प्रवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जुलाई को वह असंध अपने आढ़ती सुरेश से 35 हजार रुपये लेकर आया था। दोपहर बाद तीन बजे बिघाना से बाहरी लिंक मार्ग से होते हुए घर जा रहा था। रास्ते में पीछे से कार में सवार होकर आए युवकों ने उसकी गाड़ी के आगे कार लगाकर रास्ता पूछने लगा। दूसरे युवक ने उसकी जेब में रखी 35 हजार की नकदी छीन ली और कार में सवार होकर फरार हो गए। उन्होंने मामले की सूचना परिजनों व असंध व अलेवा थाना पुलिस को दी। अलेवा थाना प्रभारी बनवारी लाल ने बताया कि कार सवार दो अज्ञात युवकों के खिलाफ छीनाझपटी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए गंगाटेहड़ी मेन चौक व बिघाना गांव के बस अड्डे के समीप लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रजा है।