नरवाना में मंगलवार देर सायं को धौला कुआं के नजदीक संदिग्ध परिस्थितियों में युवक गोली लगने से घायल हो गया। चिकित्सकों ने युवक को प्राथमिक उपचार देकर मेडिकल कालेज अग्रोहा रेफर कर दिया लेकिन युवक उसको हिसार के निजी अस्पताल में ले गए।
धौला कुआं निवासी 26 वर्षीय विनोद मंगलवार शाम को बड़ बस्ती नरवाना में अपनी बुआ रानी के घर पर गया हुआ था। वहां पर टोहाना रोड नरवाना निवासी सोनू भी आया हुआ था। जब वह पास में बैठे हुए थे तो अचानक ही गोली चल गई और गोली विनोद के पेट में जा लगी। गोली चलते ही हड़कंप मच गया और आनन-फानन में परिवार के लोग सुनील को नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लेकर आए। जहां पर उसके साथ आए लोगों ने बताया कि गोली हंसी मजाक में चल गई। शहर थाना प्रभारी रामनिवास ने बताया कि युवक को गोली लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। युवक के बयान दर्ज करने के लिए पुलिस कर्मियों को हिसार के अस्पताल में भेजा जाएगा। उसके बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।