संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। बुटाना ब्रांच नहर में वीरवार को उपमंडल के गांव ऐंचरा कलां का एक युवक डूब गया। डूबने वाले युवक की पहचान गांव ऐंचरा कलां निवासी अंकित (18) के रूप में हुई है। मामले की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी गई। ग्रामीणों का आरोप था कि इस मामले में प्रशासन व पुलिस उनकी कोई मदद नहीं कर रहा है।
जानकारी के अनुसार उपमंडल के गांव ऐंचरा कलां का युवक अंकित वीरवार सुबह करीब सवा 11 बजे दो दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर में उतरा था। एक बार तो उन्होंने नहर को पार कर लिया, लेकिन उसके बाद फिर से वे नहर में कूद गए। उसके दो दोस्त तो तैरते रहे, लेकिन अंकित कुछ ही पलों में पानी के आगोश में समा गया। उसके साथ कूदे दो दोस्तों ने देखा कि अंकित कहीं पर दिखाई नहीं पड़ रहा है। दोनों ने पानी के अंदर अंकित को काफी तलाशा, लेकिन नहीं मिला। उन्होंने मामले की सूचना उसके परिजनों व ग्रामीणों को दी। सूचना पाकर परिवार व गांव के काफी तादाद में लोग नहर पर पहुंच गए। वहीं जो लोग तैरना जानते थे, वे अंकित की तलाश के लिए नहर में कूदे और गांव भंभेवा तक उसकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
कार्रवाई के बजाय सीमा विवाद में उलझी पुलिस
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पास लगती सरफाबाद चौकी पुलिस को दी। वहां की पुलिस ने कहा कि यह मामला उरलाना चौकी का है। उसके बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना उरलाना चौकी पुलिस को दी। ग्रामीणों का आरोप था कि सफीदों पुलिस व उरलाना चौकी से कोई भी पुलिसकर्मी कई घंटे बाद भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। उन्होंने इसकी सूचना सफीदों प्रशासन को भी दी, लेकिन वहां से भी उन्हें कोई सहायता प्राप्त नहीं हुई है। ग्रामीणों की मांग थी कि नहर का पानी कम किया जाए। उनका कहना था कि प्रशासन से मिलने के बाद और कई घंटे बाद भी नहर में एक इंच पानी भी कम नहीं हुआ। अंकित के बड़े भाई दीपक ने बताया कि उन्हें अंकित के नहर पर जाने की कोई सूचना नहीं थी। अंकित गांव में स्थित एक मोबाइल की दुकान पर काम करता था और वहीं से वह सीधा नहर पर नहाने के लिए आ गया। उसके साथ गए दोनों दोस्तों द्वारा ही उसके बह जाने की सूचना उन्हें दी गई थी।
इस मामले में सरफाबाद चौकी इंचार्ज दिलबाग सिंह का कहना है कि घटनास्थल सफीदों क्षेत्र का नहीं था। युवक जहां पर नहाने के लिए उतरा था, वह क्षेत्र पानीपत जिले की उरलाना चौकी के अधीन आता है। युवक के परिजनों को सूचना के बाद उरलाना चौकी को भेज दिया गया था। सूचना मिलने पर वे भी अपनी टीम के साथ नहर की पटरियों से युवक को ढूंढने में लगे हुए हैं।