संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। नरवाना क्षेत्र के गांव भाणा ब्राह्मण के एक युवक ने रेलवे ट्रैक के किनारे पेड़ पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। परिजनों की मानें तो 12वीं में फेल होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहा करता था। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
भाणा ब्राह्मण गांव के 18 वर्षीय युवक अनिकेत 12वीं की परीक्षा में कई पेपरों में फेल हो गया था। इसकी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। शनिवार देर शाम को वह घर से निकला था। उसने गांव के पास ही नरवाना-कुरुक्षेत्र रेललाइन के किनारे पेड़ पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतार कर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जांच अधिकारी चरण सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का नागरिक अस्पताल नरवाना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।