जींद। शहर के पटियाला चौक पर अवैध रूप से पटाखे बेच रहे एक युवक को एवीटी स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी अंशुल के कब्जे से 83 किलो 100 ग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। एवीटी स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बताया कि उनकी टीम वीरवार शाम को पटियाला चौक पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अंकित प्रोविजनल स्टोर के सामने एक युवक बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहा है। टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। दुकान के अंदर रखी गत्ता पेटियों की तलाशी में अनार, रॉकेट, फिरकी और फूलझड़ी समेत कई प्रकार के पटाखे मिले। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद