जींद। घोघड़िया गांव मेें एक व्यक्ति की खेत में पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य लिए। पुलिस ने मृतक के जीजा की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पटियाला (पंजाब) निवासी 38 वर्षीय तेजपाल अपनी रिश्ते की बहन के पास गांव घोघड़िया में पिछले दो महीने से रह रहा था। बुधवार को तेजपाल का शव गांव के इंद्र सिंह के खेत में पाया गया। शव की सूचना मिलने पर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के चेहरे तथा शरीर पर खून के निशान थे। पुलिस ने मृतक के शव को घटनास्थल से नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। मृतक के जीजा घोघड़िया निवासी गिन्नू ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके साले तेजपाल का सुभाष की पत्नी से अश्लील हरकत करने को लेकर झगड़ा हुआ था। इसको लेकर सुभाष और सन्नी ने उसके साले की हत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। -रविंद्र, जांच अधिकारी