रेलवे फाटक नरवाना के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई थी। मृतक युवक की पहचान मानसा निवासी 29 वर्षीय तरसेम के तौर पर हुई है। जीआरपी ने मामले में मानसा निवासी तरसेम के दोस्त बिट्टू और राहुल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
मृतक तरसेम की बहन गुरशरण कौर ने पुलिस को बताया कि वह पंजाब में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं और उनका भाई तरसेम नशे का आदी था। वह 18 दिसंबर को अपनी ड्यूटी पर चली गई थीं तो उनका भाई तरसेम बिन बताए घर से कहीं चला गया। उन्होंने मानसा और आसपास उसकी काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया।
बाद में उसे पता चला कि वह अपने दोस्तों राहुल और बिट्टू के साथ नशा करने के लिए नरवाना आया था। इस दौरान तरसेम ने ज्यादा नशा कर लिया और उसकी मौत हो गई। मनसा के थाने में पुलिस ने राहुल और बिट्टू से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि तीनों ने नरवाना से आगे गोशाला के पास से चिट्टा खरीदा था और रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में नशा करने लगे। तरसेम ने अपने हाथ में इंजेक्शन लगाया तो वह तड़पने लगा। तभी राहुल और बिट्टू ने पड़ोस से गर्म पानी लाकर तरसेम को बचाने का प्रयास किया लेकिन उसे कोई आराम नहीं हुआ। राहुल और बिट्टू उसे छोड़कर डर के मारे अपने घर चले गए। पुलिस ने राहुल और बिट्टू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।