जींद। जिले के 61 गांवों के जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन होने का काम अटक गया है। यह कार्य जून में शुरू किया जाना था, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल के चलते जिले में यह कार्य शुरू नहीं हो पाया। इस कारण ग्रामीणों को गांव की जमीनी का रिकॉर्ड ऑनलाइन होने से मिलने वाले लाभ का फायदा नहीं मिल पाएगा।
यह कार्य तभी शुरू हो पाएगा जब कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल खत्म हो जाएगी और कंप्यूटर ऑपरेटर अपने काम पर लौट आएंगे। हालांकि, अभी कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल खत्म होने की उम्मीद भी नहीं है, जिस कारण 61 गांवों के लोगों को अभी राहत भी नहीं मिलेगी। जिला राजस्व विभाग द्वारा जिले के 61 गांव की जमाबंदी अपडेट की जानी है, जिससे इन गांवों का जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। इसके बाद लोगों को अपनी जमीन से संबंधित रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट मिल पाएगा। उन्होंने जो त्रुटियां ठीक करवानी है, उनके बारे में जानकारी मिल पाएगी। जिला राजस्व विभाग ने जून में जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी थी। कर्मचारियों को भी ट्रेनिंग दी गई थी, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल के चलते जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन होने की प्रक्रिया अधर में लटक गई।
बॉक्स
हर साल होता है 20 प्रतिशत जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन
प्रदेश सरकार की हिदायतों के अनुसार हर साल जिले की 20 प्रतिशत जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट करना होता है। इस बार जिले के 61 गांव चुने गए हैं। जिले में पिछले पांच सालों में जितनी भी जमीन खरीद-फरोख्त हुई है, उस जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन करना होता है। पिछले साल 59 गांव की जमाबंदी का रिकॉर्ड अपडेट किया गया था। जमाबंदी के रिकाॅर्ड को अपडेट करने का फायदा यह होगा कि लोगों को अपनी जमीन का इंतकाल निकलवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जमीन से संबंधित किसी कार्य के लिए जमाबंदी की नकल से ही काम चल जाएगा। वहीं, कोर्ट संबंधित मामलों में जमानत के लिए भी इंतकाल की बजाय जमाबंदी की नकल की जरूर पड़ेगी।
बॉक्स
जींद के इन गांव की जमीन का रिकॉर्ड होना है अपडेट
जींद ब्लॉक के 13 गांव की जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किया जाना है। इनमें आसन, भैरोखेड़ा, बिशनपुरा, ढांडा खेड़ी, गोबिंदपुरा, ईगराह, कंडेला, कैरखेड़ी, खेमाखेड़ी, खोखरी, लोचब, रधाना, रामगढ़ गांव शामिल हैं। नरवाना ब्लॉक के 11 गांव शामिल किए हैं। इनमें अमरगढ़, ईस्माइलपुर, दनौदा खुर्द, ढाकल, डिंडोली, जुलहेड़ा, कलोदा कलां, कालवन, मोहलखेड़ा, नरवाना और रेवर गांव का जमीन रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा। जुलाना ब्लॉक के ब्राह्मणवास, बुआना, हथवाला, जुलाना, करेला, करसोला, लिजवाना कलां गांव शामिल है। उचाना ब्लॉक के उचाना कलां, काब्रच्छा, सुरबरा, भौंगरा, खरकभूरा, करसिंधु, मोहनगढ़ छापड़ा, सुदकैन कलां, सुंदरपुरा, उदयपुर गांव का रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किया जाएगा। पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के गांव भुरायण, लुदाना, भागखेड़ा, कालवा, बिटानी, गांगोली, आलनजोगी खेड़ा और खरकगागर गांव का रिकॉर्ड अपडेट होगा। अलेवा क्षेत्र के गांव पेगां, नगूरां, खांडा, संडील और बोहतवाला गांव की जमीन का रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट किया जाना है।
बॉक्स
ब्लॉक अनुसार गांव की संख्या
ब्लॉक
गांव की संख्या
जींद
13
नरवाना
11
सफीदों
07
जुलाना
07
उचाना
10
पिल्लूखेड़ा
08
अलेवा
05
कुल
61
वर्जन
जिले के 61 गांव में जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन होने का काम किया जाना था, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल के चलते यह कार्य रुक गया है। जैसे ही कंप्यूटर ऑपरेटर्स की हड़ताल खत्म होगी, तभी जमीनी रिकॉर्ड ऑनलाइन करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
-राजकुमार, जिला राजस्व अधिकारी, जींद