नरवाना। कालवन ग्राम पंचायत की ओर से आयोजित तीज उत्सव में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में झूले झूलकर और मेहंदी लगाकर उत्सव का रंग जमाया। महिलाओं ने लोकगीत और घूमर नृत्य प्रस्तुत कर खूब समां बांधा। गुलगुले और सुवाली जैसे पारंपरिक व्यंजनों ने तीज की खुशियों को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पंचायत की ओर से तीज उत्सव के साथ रक्तदान शिविर, निशुल्क नेत्र जांच शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाए रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। नेत्र जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों की आंखों की जांच कर दवाओं व चश्मे संबंधी परामर्श दिया। ‘एक पेड़ गांव के नाम’ अभियान के तहत सरपंच कविता देवी, वन मित्र तेजपाल व मनीष, पंचायत सदस्यों, विद्यार्थियों और युवाओं ने पौधे लगाए। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक जेठू राम फौजी, सरपंच प्रतिनिधि बहादुर सिंह नैन, शमशेर नंबरदार, नटवर नैन, गंगा राम, गुरनाम नैन, वरदान नैन, कृष्ण डेनी, कृष्ण डॉक्टर मौजूद रहे।