गर्मी के साथ-साथ लोगों को पीने के पानी की समस्याएं से जूझना पड़ रहा है। लेकिन विभाग आश्वासन के सिवा समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। जिसकी वजह से लोग आए दिन जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में आए दिन प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को रैबारी मोहल्ले की महिलाओं ने पीने के पानी की मांग को लेकर जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में नारेबाजी कर रोष व्यक्त किया। आशा, सुशीला, अनीता, बेदो, पूनम, अंजू, शीला, पूजा, राजेश शर्मा व राहुल सिंगला ने बताया कि पिछले एक माह से उनके मोहल्ले में पानी की सुचारु रूप से सप्लाई नहीं आ रही है। इसकी शिकायत लगातार विभाग को दी जा रही है। लेकिन पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई बिल्कुल बंद हो गई है। इसलिए उन्हें मजबूरन इतनी भीषण गर्मी में यहां जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में आना पड़ा। महिलाओं ने जेई पर आरोप लगाए कि जेई लोगों की समस्या सुनना पसंद नहीं करता और जब उसके खिलाफ प्रदर्शन के महिलाएं पहुंची तो वह अपने कार्यालय से भी फरार हो गया। महिलाओं ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में तालमेल नहीं होने कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं एसडीओ सतीश कुमार ने कहा कि लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। किसी प्रकार की परेशानी लोगों को नहीं होगी।