संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। आठ महीने पहले ससुराल से भागी महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उचाना थाना पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतका के मायका पक्ष ने बताया कि घसो खुर्द गांव निवासी साहिल, जगदीश और एक अन्य उनकी बेटी के साथ मारपीट करते थे और उसे बंधक बनाया हुआ था। उसकी बेटी ने उनसे तंग आकर ही आत्महत्या की है। उचाना थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिसार जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति ने उचाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने करीब एक साल पहले अपनी बेटी की शादी नरवाना के फुलियां कलां गांव में की थी। गांव कुलां से उसकी लड़की को घसो खुर्द गांव निवासी साहिल भगा ले गया था। साहिल उसकी बेटी को अपने घर में जबरदस्ती डरा धमकाकर साथ रखे हुए था। उसकी बेटी ने डर के कारण उनके साथ जाने से मना कर दिया था। वह साहिल के पास ही उसके घर रहती थी। उन्हें पता चला था कि उसकी लड़की के साथ साहिल, साहिल का पिता जगदीश और साहिल के चाचा का लड़का मारपीट करते थे और उनके पास भी नहीं आने देते थे। शनिवार को उन्हें पता चला कि उसकी बेटी की जहर खाने से मौत हो गई है। आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने साहिल, उसके पिता जगदीश और चाचा के लड़केे की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या की है।
जांच अधिकारी थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर घसो खुर्द गांव के साहिल, उसके पिता जगदीश और एक अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।