withdrew Rs 10500 from teachers account
एक अध्यापिका के बैंक खाते के साथ छेड़छाड़ कर साढ़े दस हजार रुपये निकालने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। शहर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। चरखी दादरी के काकड़ोली हाल आबाद अर्बन इस्टेट निवासी अध्यापिका अंजू ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 16 फरवरी को सफीदों रोड पर किसी काम से गई हुई थी। इस दौरान उसको कुछ रुपयों की आवश्यकता थी। वह कुंदन सिनेमा के नजदीक एसबीआई बैंक के एटीएम में गई। वहां पर पहले से ही दो युवक मौजूद थे। जब उसने अपना एटीएम कार्ड मशीन में डाला तो मशीन ने राशि नहीं निकाली। उसके बाद दोबारा फिर मशीन में एटीएम कार्ड डाल कर पैसे निकालने का प्रयास किया तो भी पैसे नहीं निकले। तीसरी बार में उसके खाते से पांच हजार रुपये की राशि निकल गई। इसके बाद फिर दोबार प्रयास किया तो भी राशि नहीं निकली। वहां पर खड़े लड़के ने कहा कि अब दोबारा राशि कल ही निकाल सकते हैं। अगले दिन सुबह उसके मोबाइल पर संदेश आया कि उसके खाते से 10500 रुपये निकाले गए हैं। इस दौरान उसका एटीएम कार्ड भी उसके पास था। उसने आरोप लगाया कि एटीएम में खड़े दोनों युवकों में से ही किसी ने उनके खाते से राशि निकाली है। जांच अधिकारी एचसी प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।