जींद। एटीएम से रुपये निकालने गए युवक का डेबिट कार्ड बदलकर दो अज्ञात युवकों ने 25 हजार रुपये निकाल लिए। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ चोरी तथा धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
लोको कॉलोनी निवासी कुलदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने दोस्त सोनीपत निवासी अशोक का डेबिट कार्ड लेकर एसबीआई के सामने स्थापित एटीएम से रुपये निकालने गया तो वहां पर दो युवक पहले से मौजूद थे। एटीएम से रुपये नहीं निकल रहे थे। इस पर वहां खड़े युवक ने उनका डेबिट कार्ड लेकर रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन नहीं निकले। इस पर युवक ने उनको कार्ड लौटा दिया। बाद में अशोक के फोन पर 25 हजार रुपये निकलवाने का संदेश आया। जब उसने डेबिट कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था। शहर थाना पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ चोरी, धोखाधडी का मामला दर्ज कर लिया है। संवाद