बैठक को संबोधित करते हुए महाबीर कंप्यूटर। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। दालमवाला अस्पताल से सेक्टरों की तरफ जाने वाली सड़क का लंबे समय बाद भी निर्माण नहीं होने से आहत सेक्टरवासियों तथा व्यापार मंडल के सदस्यों की बैठक शनिवार को सेक्टर आठ में हुई। इसमें उन्होंने सडक़ का निर्माण नहीं होने से आहत होकर रविवार को धरना देने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सड़क के निर्माण के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर नेताओं तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन कहीं कोई सुधार की उम्मीद उनको नजर नहीं आ रही।
इस दौरान हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, नगर प्रधान ईश्वर बंसल, राधाकिशन बिंदल, रामफल फौजी व रेजीडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर सात-आठ के प्रधान अमन सिवाच, महासचिव सतबीर बांगड ने बैठक की और इसमें रविवार को दालमवाला अस्पताल सेक्टरों की तरफ जाने वाले रास्ते की खस्ताहालत के सुधार की मांग को लेकर धरना देने का निर्णय लिया। रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर आठ के प्रधान अमन सिवाच ने कहा कि इस सडक़ के निर्माण के लिए प्रशासन व जनप्रतिनिधियों से कई बार मिल चुके हैं, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई सड़क निर्माण के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। इसके विरोध में दालमवाला अस्पताल के पास ही धरना देने का निर्णय लिया गया। सेक्टर-7 के प्रधान विजेंद्र लाठर ने कहा कि इस रास्ते में श्मशान घाट भी है और लोग जब अंतिम संस्कार के गुजरते हैं तो उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।