जींद। मायके जाने की बात कहकर शहर के बस अड्डे से बस में बैठी महिला के लापता होने पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में नारनौंद थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि उसकी शादी कैथल जिले के एक गांव निवासी युवती से हुई थी। 25 सितंबर को उसके ससुर का फोन आया और उसने अपनी बेटी को घर भेजने के लिए कहा। इस पर वह अपनी पत्नी को जींद के बस अड्डे से चंडीगढ़ जाने वाली बस में बैठाकर वापस आ गया था। इसके बाद उसकी पत्नी अपने मायके नहीं पहुंची और न ही वापस उसके पास आई। जब उन्होंने अपनी पत्नी के नंबर पर कॉल की तो फोन भी बंद आया। जानकारी से पता चला कि उसकी पत्नी किसी विजय नाम के व्यक्ति से फोन पर बात करती थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद