जींद। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सोमवार को शहर की अनेक कॉलोनियों में जागरूकता अभियान चलाया। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान नुक्कड़ सभाएं कर लोगों को मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, कोरोना से बचाव के तरीके बताए गए तथा अपने आसपास सफाई रखने की सलाह दी गई। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने इस दौरान 23 बुखार पीड़ित लोगों की स्लाइड बनाई तथा उन्हें जांच के लिए लैब में भेजा।
राममेहर वर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा मलेरिया, डेंगू से बचाव के अलावा कोरोना की संभावित चौथी लहर के साथ-साथ अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्यकर्मियों ने घर-घर जाकर लोगों को बताया कि प्रत्येक व्यक्ति यदि थोड़ी सी सावधानी रखकर अपने घर तथा आसपास की सफाई करते हुए गड्ढों, खाली पड़े टायरों व गमलों में गंदा पानी खड़ा नहीं होने दें, पानी के बर्तनों को ढककर रखें, सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, सप्ताह में एक बार कूलर, फूलदान, पशु व पक्षियों के पानी के बर्तनों तथा हौदी को सूखाकर ही भरें तो मलेरिया, चिकनगुनिया व डेगूं जैसी भयानक बीमारी से लोगों को बचाया जा सकता है। यदि सर्दी व कंपन के साथ तेज बुखार, उलटी, गर्मी लगने, बुखार एक दिन छोड़कर दूसरे दिन आने पर मरीज को तुरंत अपने आसपास के स्वास्थ्य केंद्र में रक्त की जांच करवानी चाहिए।
इस मौके पर स्वास्थ्य सुपरवाइजर रामकुमार, बिमला देवी, स्वास्थ्य कर्मचारी ओमप्रकाश, अमरजीत, प्रदीप, दिनेश, जगदीप, गुरनाम, रविंद्र, मंजू रानी, रानी देवी, मुकेश रानी, नीलम, मुकेश कुमार, मंजू, राधा व उर्मिला भी मौजूद रहे।