फोटो 9 नरवाना। रेलवे रोड शनि मंदिर के पास रोड पर बारिश के बाद जलभराव। संवाद।
नरवाना। रविवार सुबह करीब 11 बजे अचानक मौसम बदला और बूंदाबांदी शुरू हो गई। गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली। बूंदाबांदी के बाद करीब 20 से 25 मिनट तक तेज बारिश हुई। तेज बारिश के चलते शहर की कई गलियों और मुख्य मार्गों पर बरसाती पानी एकत्रित हो गया। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रेम कबाड़ी वाली गली, एलआईसी रोड, रेलवे रोड और शनि मंदिर के पास वाले मार्ग पर पानी जमा होने से लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। लोगों में अनिल, रामकेश, भक्त, आशुतोष का कहना है कि शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। इसके बावजूद बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन रही है। राहगीरों ने प्रशासन से मांग की कि बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त की जाए ताकि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।