ज्यादा बरसात के कारण रानी तालाब के पास दुकानों के बेसमेंट में पानी घुसने से परेशान दुकानदारों ने जाम लगाया दिया। जिसके बाद वहां पर आप कार्यकर्ता, कांग्रेस कार्यकर्ता व सामाजिक संगठनों के लोगों ने पहुंचकर जाम लगा रहे लोगों का समर्थन कर जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर शहर थाना प्रभारी व सीटीएम मौके पर पहुंचे और पानी की निकासी करवाने के लिए उचित आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
जाम लगाकर दिए धरने पर जींद विकास संगठन के अध्यक्ष राजकुमार गोयल, व्यापार मंडल के प्रधान महावीर कंप्यूटर व रजनीश जैन ने दुकानदारों का समर्थन कर समस्या के समाधान की मांग की। राजकुमार गोयल ने कहा कि प्रशासन की लापरवाही के चलते इन शोरूमों के बेसमेंट में तीन से चार फूट पानी भर गया। जिसके चलते लाखों रुपये के उपकरण खराब हो गए। दुकानों व शोरूम के बेसमेंट में घुसे पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण लगातार पानी अंदर ही ठहरा हुआ है। इस सूचना के बाद सीटीएम अमित कुमार, नगर परिषद चेयरमैन अनुराधा सैनी, शहर थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह तथा जनस्वास्थ्य विभाग व पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शोरूम तथा दुकानों के बेसमेंट में जा रहे पानी का मुआयना किया। जिसके बाद अधिकारियों ने इस पानी की निकासी के लिए पंप सेट लगाकर इसके एसडी स्कूल के पास अमरूत योजना के तहत दबाई गई पाइप लाइन में डालने का आश्वासन दिया। इसके लगभग दो घंटे बाद जाम को खोला गया। बारिश के दौरान लगाए गए जाम से यहां से गुजरने वाले बाइक, ऑटो, कार या फिर अन्य वाहन चालकों को दो घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। सीटीएम ने दुकानदारों को शुक्र वार सायं तक ही इस पानी की निकासी का आश्वासन दिया। जिसके बाद दुकानदार व सामाजिक संगठनों के लोग जाम खोलने पर सहमत हुए।