संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। सुदकैन खुर्द में छापा मारने पहुंची बिजली निगम की टीम के साथ कुछ लोगों ने हाथापाई की और सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। सदर थाना नरवाना पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और तोड़फोड़ करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बिजली निगम के एसडीओ शमशेर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिजली निगम को सूचना मिली थी कि गांव सुदकैन खुर्द में व्यापक स्तर पर बिजली चोरी हो रही है। इस पर बिजली निगम के जेई दलबीर, जेई कुलदीप, शमशेर, पुलिस विभाग से एसआई जगदीश, सरकारी चालक अजय के साथ गाड़ी से गांव सुदकैन खुर्द पहुंचे थे। जब टीम लोधर रोड की बस्ती में घुसी तो वहां मौजूद फरियाद, कृष्णा, सुनील तथा कुछ अन्य लोग टीम से उलझ गए और हाथापाई पर उतर आए। आरोपियों ने पथराव कर सरकारी गाड़ी का शीशा तोड़ डाला। आरोपियों ने रिकॉर्ड को भी नुकसान पहुंचाया। इसके चलते टीम को वापस लौटना पड़ा। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने एसडीओ शमशेर की शिकायत पर फरियाद, कृष्णा तथा सुनील को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, तोड़फोड़ करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।