गांव खापड़ में कुछ लोगों का एक बच्चे को पीटने का वीडियो वायरल हुआ है। सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश खापड़ ने राष्ट्रीय अनुसूचित आयोग, हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग व एसएसपी को शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खापड़ ने कहा कि यह उनके गांव की ही वीडियो है। इसमें एक 12 वर्षीय बच्चे को कुछ लोग पीट रहे हैं। यह लोग इस बच्चे पर चोरी का आरोप लगा रहे हैं, जबकि बच्चा चीख-चीखकर कह रहा है कि उसने ऐसा कुछ नहीं किया। खापड़ ने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो तीन दिन बाद वह अन्य सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर जींद में प्रदर्शन करेंगे। एसएसपी वसीम अकरम ने कहा कि फिलहाल उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।