जुलाना। कस्बे के गतौली गांव के पास कार और बाइक की टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शामलो कलां गांव निवासी सुरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 मार्च को वह बाइक पर सवार होकर अपनी माता ओमपति के साथ देशखेड़ा गांव से पूजा अर्चना कर घर वापस लौट रहा था। जब वह गतौली गांव के पास सुंदर ब्रांच नहर के पास पहुंचा ताे तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर में उसकी 61 वर्षीय माता ओमपति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भिजवाया। जुलाना थाना पुलिस ने सुरेश की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वर्जन
पुलिस को सूचना मिली थी कि सुंदर ब्रांच नहर के पास एक बाइक और कार की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-धर्मवीर सिंह, गतौली चौकी इंचार्ज।