उचाना। संयुक्त किसान मोर्चा के उपमंडल कार्यालय परिसर में चल रहे धरने पर शुक्रवार को बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता लीला छापड़ा ने की। सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 20 मार्च को दिल्ली कूच करने के लिए, 23 मार्च को धरना स्थल पर शहीदी दिवस मनाया जाएगा।
धरना संयोजक आजाद पालवां ने बताया कि सरसों की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से किसान को आर्थिक नुकसान हो रहा है। पाले, सर्दी से खराब हुई सरसों की फसल की स्पेशल गिरदावरी नहीं की जा रही है। सीएम मनोहर लाल को दोनों मांगों को लेकर ज्ञापन भेजे जा चुके है। धरने पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया है कि जल्द अगर सरसों की सरकारी खरीद शुरू नहीं होती, खराब हुई सरसों की फसल के लिए स्पेशल गिरदावरी नहीं की तो 14 मार्च को किसान मार्केट कमेटी कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि 11 मार्च को बड़ौदा, करसिंधु, गुरुकुल खेड़ा, तारखां, सफा खेड़ी, खरकभूरा गांव के दौरे भी धरना कमेटी टीम द्वारा किए जाएंगे।