जींद। सदर थाना क्षेत्र से मिले करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति के शव की 72 घंटे बाद भी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस की ओर से पहचान के प्रयास विफल रहने पर भारत विकास परिषद वीर शाखा ने शव के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी उठाई। सेक्टर-7 स्थित स्वर्ग आश्रम मुक्तिधाम में हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया गया। पुलिस के अनुसार, एएसआई कमल ने अज्ञात शव बरामद कर उसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया था। पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक पहचान के प्रयास किए गए लेकिन कोई परिजन या वारिस सामने नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने परिषद से संपर्क किया। परिषद अध्यक्ष संजय वर्मा की अगुवाई में सदस्यों, पुलिसकर्मियों और समाजसेवियों ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। वीर शाखा की ओर से अज्ञात शव का यह पांचवां अंतिम संस्कार है। इस दौरान बलजीत रेढू, राजेंद्र सिंगला, विकास कुमार, अनिल बंसल, सुरेंद्र सिंगला, संजय गोयल, ओम कला, बोबी जिंदल, राजबीर जैन सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समाजसेवी अक्षय रेढू, महंत मनीष और राहुल मग्गू ने भी सहयोग किया। संवाद