नेशनल हाइवे 152डी पर मंगलवार को धड़ौली के निकट बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई जिसमें बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि उसका पोता घायल हो गया। मृतका चरखी दादरी के गांव चिड़िया की रहने वाली कौशल्या(65) थी। सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पोस्टमार्टम करवाने के लिए शव नागरिक अस्पताल में शवगृह में रखवा दिया है।
चिड़िया गांव जिला चरखी दादरी निवासी राहुल 25 अपनी दादी कौशल्या को बाइक पर पंचकूला से अपने घर ला रहा था। गांव धड़ौली के निकट नेशनल हाइवे 152 डी पर बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई जिसमें राहुल व उसकी दादी कौशल्या गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने एंबुलेंस द्वारा उन्हें नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने कौशल्या को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पोते राहुल ने बताया कि उनके पिता पंचकूला में सर्विस करते हैं। उनकी दादी उनके पास आई हुई थी। वह दादी को छोड़ने गांव जा रहा था कि अचानक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।