संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। नगर की शिव कॉलोनी में शनिवार सुबह करीब सवा छह बजे बाइक सवार दो अज्ञात युवक एक महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। महिला अपने पति के साथ दूध लेकर अपने घर पर आ रही थी। मामले की सूचना सफीदों पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना करके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फूटेज को खंगाला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिव कॉलोनी निवासी रामप्यारी ने बताया कि वह अपने पति दर्शनलाल के साथ हर रोज सुबह साढ़े पांच बजे दूध लेने के लिए निकलते हैं और लगभग सवा छह बजे तक अपने घर पर लौट आते हैं। जिस वक्त यह घटना घटित हुई उस वक्त गली में कोई नहीं था क्योंकि अल सुबह का समय था और लोग अपने घरों में सोए हुए थे। इसी बात का लाभ उठाकर बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। महिला ने बताया कि आरोपी युवक चेकदार शर्ट पहने हुए थे। मोटरसाइकिल चला रहा युवक हेलमेट तथा पीछे बैठा युवक टोपी पहने हुए था तथा बाइक का कलर काला था। बाइक की नंबर प्लेट भी साफ-सुथरी नहीं थी तथा उसके ऊपर लिखे नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे। महिला ने थाना शहर में इस मामले की शिकायत दे दी है। शहर थाना के एएसआई वजीर सिंह का कहना है कि घटनास्थल का मुआयना करके सीसीटीवी फूटेज को खंगाला गया है। पुलिस इस मामले में तत्परता से लगी हुई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।