जमीन पर बैठे पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी और उनसे बरामद मोटरसाइकिलें।
- फोटो : Jind
पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। सिटी थाना पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को छह बाइकों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान सुनील निवासी गांव बुढ़ाखेड़ा व तुषार निवासी रत्ताखेड़ा के रूप में हुई है। सिटी थाना प्रभारी देवीलाल ने कहा कि बुढ़ाखेड़ा गांव निवासी सुनील व रत्ताखेड़ा गांव निवासी तुषार को एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया था। जब उनसे पूछताछ की गई तो वे कुछ स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। पूछताछ करने पर उन्होंने कई मोटरसाइकिलों के चोरी करने की बात कबूली। पुलिस ने इन दोनों युवकों की निशानदेही पर कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह मोटरसाइकिलें गांव बेरीखेड़ा (सफीदों), गांव सालवन (करनाल), सफीदों व पानीपत से चुराई गई थीं। थाना प्रभारी देवीलाल ने कहा कि दोनों युवकों को कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि में इनसे पूछताछ करके अन्य चोरियों की वारदातों को सुलझाने का प्रयास किया जाएगा।