जींद। गांव तलोडा खेड़ी के पास तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। राहगीरों ने उनको शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
रजाना खुर्द गांव निवासी मेजर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव तलोडा खेड़ी में खेत ठेके पर लिए हैं। वहीं खेत में डेरा बनाकर रहता है। सबमर्सिबल मोटर खराब होने पर गांव का सूरजमल उसे डेरे पर छोडने आ रहा था। जब वह ढाठरथ रोड पर पहुंचे तो तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन उन्हें शहर के निजी अस्पताल ले गए, जबकि सूरजमल को रोहतक ले जाया गया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मेजर सिंह की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।