जींद। जिले में पराली जलाने के मामले में कृषि विभाग के दो सुपरवाइजरों पर गाज गिरी है। कृषि विभाग निदेशालय ने जींद के सुपरवाइजर संजीत और पुनीत को निलंबित कर दिया है। इन दोनों कर्मचारियों की ड्यूटी नरवाना क्षेत्र में थी। इन कर्मचारियों के संबंधित एरिया में पराली जलाने के मामले ज्यादा आ रहे थे, जिसे यह दोनों अधिकारी मामलों को रोक नहीं पाए।
इसको लेकर उप निदेशक जींद ने दोनों कर्मचारियों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन दोनों कर्मचारियों ने कोई जवाब नहीं दिया। अब विभाग निदेशालय ने कार्रवाई करते हुए दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। विभाग के अनुसार सुपरवाइजर संजीत और पुनीत की नरवाना क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई थी। कर्मचारी संजीत पर फुलियां कलां, फुलियां खुर्द, रसीदां, ढाबी टेकसिंह गांव के खेतों में पराली जलाने वाले किसानों को आग लगाने से रोकना था, लेकिन फिर भी मामले सामने आ रहे थे। सेटेलाइट के माध्यम से फुलियां कलां और रसीदां में दो-दो मामले की लोकेशन मिली थी। इस पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और इन चारों मामलों में किसानों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। वहीं, सुपरवाइजर पुनीत के अधीन हरनामपुरा, धरौदी, खानपुर और कर्मगढ़ गांव थे। इनमें से हरनामपुरा गांव में दो जगह पराली जली थी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया था।
बॉक्स
10 अक्तूबर को मांगा था स्पष्टीकरण
जिले में धान की पराली जलाने के मामले में लगातार बढ़ रहे थे। कृषि सुपरवाइजरों को बार-बार निर्देश देने के बाद भी यह मामले कम नहीं हो पा रहे थे। इसको लेकर उप निदेशक जींद ने संजीत और पुनीत समेत सात सुपरवाइजरों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन किसी भी सुपरवाइजर ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। इसके बाद उप निदेशक कार्यालय ने कार्रवाई करने के लिए निदेशालय चंडीगढ़ रिपोर्ट भेज दी। इसके बाद निदेशालय ने कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर संजीत और पुनीत को निलंबित करने के निर्देश जारी कर दिए।
बॉक्स
49 जगह मिल चुकी है आग की सूचना
जिले में अब तक 49 जगह धान की पराली में आग लगाने की सूचना मिल चुकी है, जिनमें 38 जगह सूचना सही पाई गई थी। इस पर कृषि विभाग ने संबंधित किसानों से मौके पर ही 97 हजार जुर्माना भी वसूला गया। वहीं, 19 किसानों पर एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी भी किसान की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
वर्जन
संबंधित एरिया में पराली जलाने के ज्यादा मामले आने पर निदेशालय ने सुपरवाइजर संजीत और पुनीत को निलंबित किया है। इससे पहले विभाग ने इनको नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण भी मांगा था, लेकिन इन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया था।
-डॉ. गिरीश नागपाल, उप निदेशक, कृषि विभाग जींद