13जेएनडी18: पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए दोनों आरोपी। पुलिस प्रशासन
जींद। पेगां गांव में युवक का अपहरण कर मारपीट और हत्या करने के दो आरोपियों मनजीत व जगबीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको तीन दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या के कारण व अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी। शनिवार को मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर एसपी आवास के बाहर जाम लगाया था।
अलेवा थाना प्रभारी ने बताया कि 7 अक्तूबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि पेगां गांव में लड़ाई-झगड़े में लगी चोट के कारण बंटी अस्पताल में उपचाराधीन है। बाद में चिकित्सकों ने युवक की गंभीर हालात को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया था, लेकिन परिजन उसे हिसार के जिंदल अस्पताल लेकर गए थे। पुलिस ने बंटी की मां के बयान दर्ज किए थे। इसमें उसने बताया था कि उनका बेटा बंटी छह अक्तूबर की शाम को खाना खाकर सोने के लिए अपने प्लॉट में गया था। सुबह उठने पर बंटी की मोटरसाइकिल प्लॉट के सामने खड़ी हुई मिली थी। बंटी के अपहरण होने की सूचना मिली थी। बाद में पता लगा कि बंटी को संदीप उर्फ शिंडा निवासी पेगा के घर के अंदर ले जाकर मारपीट की गई। इसकी सूचना डायल 112 पर दी गई। बाद में हिसार अस्पताल में बंटी की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मनजीत, जगबीर, गुरमेल, सुमित, विनय, संदीप की पत्नी, महाबीर की पत्नी, दर्शन की पत्नी, गुरमेल की पत्नी, जगबीर की पत्नी, वजीर व वजीर की पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मनजीत व जगबीर को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
13जेएनडी18: पुलिस गिरफ्त में पकड़े गए दोनों आरोपी। पुलिस प्रशासन