जींद। जिला जेल में मोबाइल, चार्जर और नशीला पदार्थ फेंकने के दो आरोपियों को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान खरैंटी हाल आबाद जवाहर नगर निवासी पारुल नैन व निर्जन निवासी कुलदीप उर्फ चौटाला के रूप में हुई है। अदालत ने पारुल नैन को जेल और कुलदीप को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। इस मामले एक आरोपी राहुल पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका था।
सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में जेल उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि 30 मई को वह उपाधीक्षक बिरेंद्र सिंह की मौजूदगी में बंदियों की गिनती करने से पहले जेल परिसर में तलाशी ले रहे थे। इस दौरान सुबह लगभग 6 बजकर 50 मिनट पर वार्डन नरेंद्र, वार्डर सिकंदर, हेड वार्डन पवन कुमार को जेल परिसर से कुछ पैकेट मिले, जिसमें चार मोबाइल, चार चार्जर, आठ ग्राम अफीम व 12 ग्राम सुल्फा था। जेल के सामने पेट्रोल पंप के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे में देखा तो 29 मई की रात को तीन अज्ञात व्यक्तियों ने पेट्रोल पंप के सामने गली में मोटर साइकिल खड़ी करके पेट्रोल पंप की दीवार फांदकर जेल के अंदर पैकेट फेंके हैं।
जांच अधिकारी एएसआई जोगेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में कुलदीप उर्फ चौटाला व पारुल नैन को गिरफ्तार कर लिया है। कुलदीप को दो दिन के रिमांड पर लिया है। पकड़े गए आरोपी पारुल नैन व राहुल पर पहले भी हत्या व हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।