उचाना। उचाना मंडी में तीन युवकों पर तेजधार हथियार से हमला करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को नामजद किया है।
पुलिस को दी शिकायत में उचाना मंडली निवासी 25 वर्षीय कुलदीप ने कहा कि वह अपने भाई सुंदर और मां लाली देवी के साथ 4 जुलाई की शाम को अपने बड़े भाई सोनू के घर राजेंद्र काॅलोनी गया हुआ था। रात 10 बजे वह, विक्की और सोमी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे, जबकि उनका भाई सुंदर व मां उनके पीछे पैदल आ रहे थे। बाइक को विक्की चला रहा था। जब वह अजय के मकान के सामने से निकले तो अजय व विश्वास उर्फ विशु और दो-तीन अन्य युवकों ने लाठी, डंडे व तेजधार हथियार लेकर उनका पीछा करने शुरू कर दिया। गली के मोड़ पर उन पर हमला कर दिया, जिसमें तीनों को चोट आई। भाई सुंदर व मां मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग गए। एएसआई राजेश कुमार ने कहा कि मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।