संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में डेंगू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग को तीन लोगों की डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है। अब तक इस वर्ष जिले में 272 डेंगू के मामले आ चुके हैं जबकि तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है। इसके अलावा पांच लोग चिकनगुनिया के भी स्वास्थ्य विभाग को मिल चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग को बुधवार को कंडेला निवासी 68 वर्षीय वृद्ध, सेक्टर नौ निवासी 60 वर्षीय महिला, राम काॅलोनी निवासी 49 वर्षीय युवक शामिल है। डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट मिलते ही स्वास्थ्य विभाग ने अपने कर्मचारियों को तीनों के परिवारों के लोगों के रक्त के नमूने लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा इन घरों में फॉगिंग भी करवाई जाएगी।
स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा ने बताया कि अक्टूबर और नवंबर महीना डेंगू के अनुकूल है। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते डेंगू का लारवा जल्दी पनपता है, इसलिए लोगों को थोड़ी सावधानी रखनी चाहिए। इस समय ठंड ने दस्तक दे दी है। लोगों को चाहिए कि वह अपने घरों में रखे कूलरों का पानी खाली कर दें। बिना पानी के ही कूलरों को चलाएं। गमलों में पानी जमा नहीं होने दें।
सप्ताह में एक दिन ड्राई-डे मनाएं
जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. विजेंद्र ढांडा ने कहा कि लगातार स्वास्थ्य कर्मचारी बुखार पीड़ित लोगों की जांच कर रहे हैं। विभाग डेंगू के डंक को तोड़ने के लिए लगातार काम कर रहा है। जिस एरिया में डेंगू का मरीज मिल रहा है, वहां पर सर्वे करवाया जा रहा है और फोगिंग करवाई जा रही है। अस्पताल में डेंगू की जांच के लिए लैब बनाई गई है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे बुखार होने पर तुरंत अपने आस-पास के सरकारी अस्पताल में जांच करवाएं।