जींद। शहर के रोहतक रोड पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने पहले एक युवक को लिफ्ट दिया फिर उसे खाद्य आपूर्ति कार्यालय के पास ले जाकर बैग सहित उसका लैपटॉप छीन लिया और तीनों भाग गए। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
भिवानी रोड स्थित आश्रम बस्ती निवासी बलवान ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह एक निजी कंपनी में कार्य करता है। 14 नवंबर को वह कंपनी के कार्य से रेवाड़ी गया था। वह काम खत्म करके ट्रेन से रात लगभग साढ़े 11 बजे जींद आ गया था। वह पैदल रेलवे स्टेशन से देवीलाल चौक पर आ गया। तभी वहां पर बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और उससे भिवानी जाने का रास्ता पूछा। उसने कहा कि भिवानी रोड खराब है। इसलिए रोहतक रोड बाईपास होकर भिवानी चले जाओ। उसने कहा कि उसे भी भिवानी रोड बाईपास जाना है। उसे भी छोड़ दे। फिर वह बाइक पर उनके साथ लैपटॉप बैग सहित बैठ गया। उसके बैग में एक लेपटॉप, एक प्रोजेक्टर, डेबिट कार्ड और कंपनी के कागजात थे। तीनों युवक रोहतक रोड से होते हुए बाइक को तेज रफ्तार में चलाते हुए अंधेरे में खाद्य आपूर्ति विभाग कार्यालय के पास ले गए और उन्होंने बाइक रोक दी। फिर वे अपने बैग सहित बाइक से नीचे उतरा तो उनमें से एक युवक ने उसका बैग छीन लिया और वह बाइक पर सवार होकर भटनागर कालोनी की तरफ भाग गए। जांच अधिकारी एएसआई राजबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ बैग छीनने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक सवार बदमाशों ने युवक का बैग छीना
जींद। हांसी रोड पर ईक्कस गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक का बैग छीन लिया। बैग में मोबाइल और दस हजार रुपये थे। कैथल जिले के गांव डींग निवासी अंकित ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने मामा के गांव गुलकनी में रहता है। 14 नवंबर को वह मामा के घर जींद आया था और शाम को वापस बाइक से गुलकनी के लिए चल पड़ा। जब वह रात आठ बजे ईक्कस गांव से आगे रजबाहा पुल के पास पहुंचा तो तीन युवक बाइक पर आए। उस बाइक के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं थी। जब आगे रास्ता खराब होने पर उसने बाइक की रफ्तार कम की तो तीनों युवकों ने उसका बैग छीन लिया। इसके बाद बाइक सवार रजबाहा की पटरी से होते हुए भाग गए। उसने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।