जींद। शाहपुर गांव में चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम के साथ तीन लोगों ने हाथापाई की और उनसे धक्कामुक्की कर गांव से बाहर निकाल दिया। सदर थाना पुलिस ने गांव के ही राजेश, अशोक और विकास के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
बिजली निगम नगूरां के एसडीओ ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 जनवरी को निगम की टीम शाहपुर गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई थी। उन्हें सूचना मिली थी कि पवन के घर में बिजली चोरी की जा रही है। इस पर टीम पवन के घर पहुंची तो वहां बिजली चोरी की जा रही थी। जब टीम ने बिजली चोरी की वीडियोग्राफी शुरू की तो उसी समय गांव के ही राजेश, अशोक और विकास सहित 10-12 लोग मौके पर आए और उन्होंने टीम के कार्य को बीच में रोक दिया। इसके बाद धक्कामुक्की कर गांव से बाहर निकाल दिया तथा दोबारा गांव में घुसने पर जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी एएसआई महीपाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अशोक, राजेश और विकास को नामजद कर उनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धक्कामुक्की और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।