संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर की शोभा बढ़ाने के लिए जयंती देवी द्वार, पांडू द्वार और महाराजा सूर सैन द्वार बनाए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद ने दूसरी बार टेंडर लगाए हैं। इन द्वारों के निर्माण के बाद शहर में प्रवेश करने पर आमजन को जींद के धार्मिक महत्व के बारे में बता चलेगा। साथ ही शहर की सुंदरता बढ़ेगी। पिछले माह लगाया गया टेंडर तकनीकी कारणों से सिरे नहीं चढ़ पाया था। अब टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है।
शहर में धर्मशाला व चौक के जीर्णोद्धार के लिए भी टेंडर प्रकिया चल रही है। गोहाना रोड पर पांडू पिंडारा गांव के पास हाईवे पुल से पहले शहर की तरफ पांडू द्वार बनाया जाएगा। इसके लिए 4107308 रुपये का टेंडर लगा है। पांडू पिंडारा महाभारतकालीन तीर्थ है, जिसे पिंडतारक तीर्थ भी कहा जाता है। इसके चलते गोहाना रोड पर पांडू द्वार बनाया जाएगा। इस तीर्थ के प्रति लोगों की बड़ी आस्था है। यहां अमावस्या के दिन हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के लिए आते हैं। इन द्वार के निर्माण के बाद यहां की रौनक बढ़ेगी और लोगों की आस्था भी बढ़ेगी।
शहर के अंदर जयंती देवी द्वार बनाया जाएगा। यह द्वार पटियाला चौक के पास बनेगा। जयंती देवी मंदिर भी शहर का ऐतिहासिक मंदिर है। मान्यता के अनुसार पांडवों ने यहां जयंती देवी अर्थात विजय की देवी के सम्मान में एक मंदिर बनवाया और कौरवों के खिलाफ अपनी लड़ाई में सफलता के लिए प्रार्थना की थी। इसलिए माना जाता है कि इस मंदिर में पूजा करने से हर किसी की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसके लिए 7346538 रुपये का टेंडर लगाया गया है। हांसी ब्रांच नहर के पास श्री जयंती देवी मंदिर है। इसके नाम पर ही जींद का नाम रखा गया था। इनमें पांडू द्वार के टेंडर की आनलाइन बिड 24 जनवरी और जयंती देवी द्वार के टेंडर की आनलाइन बिड 16 जनवरी को खुलेगी।
बाक्स
इन कार्यों के लिए भी लगे टेंडर
शहर में अन्य विकास कार्यों के लिए भी टेंडर लगे हैं। शहर के वार्ड 31 में कृष्ण सोलगर के मकान से रेलवे पार्क तक गली का निर्माण होगा। इसके लिए 1659383 रुपये का टेंडर लगाया गया है। इसकी ऑनलाइन बिड चार जनवरी को खुलेगी। वार्ड 31 में त्रिलोक जैन वाली गली, गुप्ता काॅलोनी में गली निर्माण के लिए 1690538 रुपये का टेंडर लगाया गया है। वार्ड 31 में गंगा मशीनरी स्टोर से टपरीवास काॅलोनी तक गली निर्माण के लिए 1361339 रुपये का टेंडर लगा है। वार्ड 31 में प्याऊ से राजकुमार जिंदल के मकान तक गली निर्माण के लिए 568205 रुपये का टेंडर लगाया गया है। सफीदों रोड स्थित बैरागी धर्मशाला के लिए 338738 रुपये का दोबारा टेंडर लगाया गया। आंबेडकर भवन बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर सेवा समिति बुढ़ा बाबा बस्ती भिवानी रोड के लिए 423920 रुपये, महाराजा शूर सैनी चौक के जीर्णोद्धार के लिए 2962327 रुपये, अर्बन एस्टेट में लक्ष्य स्वीट्स के नजदीक ग्रीन बेल्ट के जीर्णोद्धार के लिए 1496542 रुपये का दोबारा टेंडर लगाया गया है। इसी प्रकार पटियाला चौक पर डिवाइडर के लिए 184181 रुपये का टेंडर लगाया गया है।
वर्जन
शहर के विकास कार्य करवाने के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा किया गया है। शहर में जयंती देवी के सामने जयंती द्वार तो पांडू द्वार व महाराजा सूर सैन द्वार समेत अनेक कार्यों टेंडर लगाए गए हैं। इनके अलावा गलियों व सड़कों के निर्माण के लिए भी टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई है। अब अन्य कार्यों लिए भी टेंडर प्रक्रिया जारी है। -डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद।