संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। उपमंडल के गांव बागडू कलां स्थित एसबीआई में एक वर्ष पूर्व हुई चोरी के मामले में तीन आरोपियों को डिटेक्टिव स्टाफ ने काबू किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गांव के आशीष, विशाल व अमन के रूप में हुई है। डिटेक्टिव स्टाफ ने तीनों आरोपियों को गांव भंभेवा से काबू किया है।
डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज सुखबीर सिंह ने बताया कि बैंक मैनेजर मनीष ने 27 अप्रैल 2022 को पुलिस को शिकायत दी शिकायत में कहा था कि वह जब गांव हरिगढ़ में अपने रहने के लिए लिए हुए निवास स्थान पर गया तो वहां घर के कमरे का ताला टूटा हुआ मिला व कमरे के अंदर सामान को चेक किया तो पर्स से तीन हजार रुपये व बैग से एसबीआई बैंक की चाबियां गायब मिलीं। इस पर उसे शक हुआ कि किसी ने बैंक में कोई वारदात तो नहीं की तो वह चेक करने के लिए बैंक में आया तो बैंक का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ताले खुले मिले। जब बैंक की कैश सेफ और गाडऱ् सेफ को चेक किया तो वहां कैश व गार्ड सही सलामत मिला। फिर उसने अपने केबिन को भी चेक किया जहां पर उसे डीवीआर सीसीटीवी चोरी मिला। बैंक के गार्ड ने भी अपना असला दोनाली बंदूक बैंक के अंदर रख रखी थी वह भी चोरी हुई पाई गई। इस मामले में थाना सदर सफीदों में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जहां से अमन को एक दिन के पुलिस रिमांड व आरोपी विशाल व आशीष को जींद जेल भेज दिया गया।