संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। उचाना थाना पुलिस ने दरौली खेड़ा गांव में युवक की पीट-पीटकर की गई हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गांव के ही वीरेंद्र उर्फ बिंदर, मौजित, विशाल उर्फ बोनिया के रूप में की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां अदालत के आदेश पर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक और लाठी-डंडे बरामद किए जाएंगे।
थाना उचाना में मृतक नरेश के भाई नितेश वासी दरौली खेड़ा ने बयान दिया था कि 15 अगस्त को उसका भाई माजरा रोड पर डाबर खेत में पानी लगाने के लिए गया हुआ था। वह रात को उसके भाई के लिए खाना लेकर खेत के नजदीक पहुंचा तो उसे शोर सुनाई दी। वह खेत में पहुंचा तो कुछ युवक लाठी डंडों सहित उनके खेत से भागते हुए दिखाई दिए। उसका भाई लहुलूहान हालत में पड़ा था। उसके भाई ने बताया था कि विरेंद्र, विशाल, दीपक, मौजित, गौरव वासी दरौली खेड़ा और विरेंद्र वासी सरहेड़ा ने मिलकर लाठी डंडों से हमला किया है। उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने विरेंद्र, विशाल, दीपक, मौजित, गौरव को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वर्जन
गांव दरौली खेड़ा में लाठी डंडों से चोटें मारकर युवक की हत्या के मामले में आरोपी विरेंद्र उर्फ बिंदर, मौजित, विशाल उर्फ बोनिया को काबू किया है। तीनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक और लाठी-डंडे बरामद किए जाएंगे।- रविंद्र, जांच अधिकारी