पत्रकारों से बातचीत करते सांसद बृजेंद्र सिंह। संवाद।
- फोटो : Jind
उचाना। हिसार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह रविवार को रजवाहा रोड स्थित मां बनभौरी ऑयल मिल पहुंचे। यहां पहुंचने पर युवा नेता गौरव दनौदा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
यहां पत्रकारों से बातचीत में बृजेंद्र सिंह ने कहा कि तीसरे मोर्चे की हर चुनाव से पहले चर्चा होती है। यह तीन-चार बार बन चुका है और हर बार फेल हुआ है। जो दल तीसरे मोर्चा की बात कर रहे हैं, वह एक-दूसरे को काटने में ही लगे हुए हैं। सरकार द्वारा नप, नपा प्रधानों से वित्तीय शक्ति वापस लेने पर सांसद ने कहा कि सरकार ने जो निर्णय लिया है सोच समझकर ही लिया होगा, लेकिन मेरी अपनी निजी राय है कि जिला परिषद, ब्लॉक समिति, पंचायत उनको कामयाब करना चाहिए। यदि पंचायत राज संशोधन जो 30 साल पहले आए थे, उनको कारगर बनाना है तो इनको आर्थिक शक्तियां देनी चाहिएं।
स्कूलों में नई नीति के तहत शिक्षकों की संख्या कम होने पर भाजपा सांसद ने कहा कि अभी विचार-विमर्श चल रहा है। उम्मीद है कुछ नई चीज समय पर आएगी। चाहे किसी स्कूल में दस बच्चे स्कूल में पढ़ रहे हों, वहां शिक्षक प्रदान करना सरकार का दायित्व है। इससे कोई पीछे नहीं हट सकता की बच्चों की संख्या कम है।
इस मौके पर हरेंद्र सिंह, रामनिवास दनौदा, सुरेंद्र गर्ग, राममेहर दनौदा, अनूप श्योकंद, राकेश उचाना खुर्द भी मौजूद रहे।