संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदों। नगर के रेलवे रोड पर स्थित श्री ज्वेलर्स दुकान में रखी तिजोरी काटकर लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने के मामले में तीन युवक सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए हैं। ये फुटेज दुकान के पीछे स्थित गली में दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों से बरामद हुई है। चोर बाइक पर आए थे और प्लास्टिक के कट्टे में ज्वेलरी भर कर ले गए।
तीनों युवक ज्वेलरी की दुकान की पीछे स्थित गली में आए और वहां पर एक दुकान की सीढि़यों से ऊपर चढ़ गए। उन्होंने ज्वेलर्स की छत का दरवाजा तोड़कर उसमें प्रवेश किया। चोरों ने रात को करीब 12 बजे ज्वेलर्स की दुकान में घुसे थे और करीब चार बजे तक उन्होंने गैस कटर के माध्यम से तिजोरी को काटने के कार्य को अंजाम दिया। उसके बाद एक व्यक्ति नीचे उतरा और उसने चारों ओर बाइक पर जाकर राउंड लिया कि कहीं को दिक्कत नहीं है। उसने वापस लौटकर अपने साथियों को रास्ता क्लीयर होने की सूचना दी और वह बाइक स्टार्ट करके खड़ा हो गया। कुछ ही समय बाद उसके दो अन्य साथी आए और और उसके पीछे बैठकर फरार हो गए। पीछे बैठने वाले युवकों में से एक के पास प्लास्टिक का भारी भरकम कट्टा और दूसरे के पास एक बैग दिखाई दे रहा है। चोर प्लास्टिक के कट्टे में सबकुछ समेटकर ले गए है। दुकानदार ललित वर्मा का कहना है कि उसके साथ घटित सारे घटनाक्रम को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों ने उसकी दुकान की आगे और पीछे से रेकी की हुई थी और मौका लगाकर घटना को अंजाम दे गए। दुकान के पीछे वाली गली मे सीसीटीवी कैमरे में अज्ञात लोग हाथ में औजार लिए हुए कैद हुए है।
बाक्स:
पुलिस ने किया मामला दर्ज
सिटी थाना पुलिस ने ज्वेलर्स ललित वर्मा की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। श्री ज्वैलर्स के मालिक ललित वर्मा ने शिकायत में कहा कि सात अक्तूबर सायं दुकान को ठीक ठाक बंद करके चला गया था। अगले दिन दोपहर जब वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो देखा कि अंदर का सामान बिखरा हुआ था और तिजोरी कटी हुई मिली। चोर उस अलमारी में से करीब 160 ग्राम सोने तथा 16 किलोग्राम चांदी के जेवरात चोरी करके ले गए हैं।
फोटो कैप्शन
09जेएनडी23-सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बाइक पर जाते युवक। संवाद