11जेएनडी29: छात्रा सोनिया को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते मुख्यातिथि। स्रोत स्वयं
जींद। जिला रेडक्रॉस सोसायटी एवं संस्कार भारती शाखा द्वारा विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में मुख्यातिथि के तौर समाजसेवी नवीन खटकड़ ने शिरकत की। शिविर में 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।नवीन खटकड़ ने कहा कि रक्त से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारे द्वारा दान किया गया रक्त किसी जरुरतमंद को नया जीवन देने का काम करता है। आज विज्ञान ने भले ही कितनी तरक्की कर ली हो लेकिन रक्त का कोई विकल्प नहीं है। रक्त की पूर्ति केवल मनुष्य के शरीर से ही हो सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। शिविर में रक्तदान करने पहुंची नेपेवाला गांव की छात्रा सोनिया ने कहा कि आज रक्तदान के प्रति युवाओं की सोच बदल रही है। आज लड़कियां भी रक्तदान के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन माह बाद रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने से शरीर पर किसी प्रकार का कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। बल्कि रक्तदान करने से स्वयं ही कई प्रकार की बीमारियां खत्म हो जाती हैं। शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।