28जेएनडी24 : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सड़क मार्ग के बीच में खड़ा जर्जर हालत में कोठा, ज
जींद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की भी अजीब विडंबना है। सेक्टर सात व आठ की तरफ जो फोरलेन सड़क जाती है, उसके डिवाइडर के पास वर्षों पुराना एक कोठा बना हुआ है, जो आज तक सड़क को अवरुध किए हुए हैं।
विभाग आज तक इसका कोई पता नहीं लगा पाया कि इसका मालिक कौन है। इस कोठे के कारण लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह कोठा सड़क के बीच में होने के कारण रास्ता बंद हो गया है। इस कोठे के पास हमेशा पानी खड़ा रहता है और गंदगी फैली रहती है।
जिस समय सेक्टर सात और सेक्टर आठ को काटा गया था, उस समय भी यह कोठा बनाया गया था। इसके बाद यह जमीन अधिगृहित की गई और इस पर सेक्टर काटे गए। अब सेक्टर पूरी तरह से विकसित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद यह कोठा यहीं पर है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने यहां फोरलेन का रोड बनाया हुआ है। इस रोड के बीच डिवाइडर है। सफीदों रोड से हुडा सेक्टरों की तरफ चलने पर सेक्टर 7 की तरफ के एक पूरे रोड के बीच में यह जर्जर कोठा दशकों से खड़ा है। कई बार वाहन चालक सीधे इस रोड पर निकल जाते हैं तो उन्हें इस जर्जर कोठे के कारण बंद सड़क मिलने पर वापस आना पड़ता है। सेक्टर वासियों की मानें तो इस जर्जर कोठे में नशेड़ी डेरा डाले रहते हैं। बारिश के दिनों में यह कोठा पानी से भर जाता है और इसमें जहरीले जानवर पलते हैं।
विभाग को यह पता नहीं कि बीच सड़क सेक्टर-7 की तरफ जर्जर कोठा कैसे खड़ा है। इस सिलसिले में उन्होंने जमीन अधिग्रहण अधिकारी को पत्र लिखकर इसकी जानकारी मांगी है। अभी तक जवाब नहीं मिला है। भूमि अधिग्रहण अधिकारी को रिमाइंडर भेज कर इसका पता लगाया जाएगा।
-संदीप बेदी, जेई, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण।
28जेएनडी24 : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के सड़क मार्ग के बीच में खड़ा जर्जर हालत में कोठा, ज