उचाना। कांग्रेस पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, पूर्व मंत्री किरण चौधरी के खिलाफ राजनीतिक साजिश की जा रही है। ये बातें कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुरेंद्र श्योकंद ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं।
उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान एवं आदमपुर उप चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार रहे जयप्रकाश की ओर से लगाए गए आरोपों को मनगढंत बताते हुए कहा कि इस तरह की बयानबाजी से कांग्रेस को नुकसान पहुंचने के अलावा कार्यकर्ताओं के मनों को ठेस पहुंची है। कुमारी शैलजा, किरण चौधरी ने हमेशा कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया है लेकिन कुछ दिनों से उनके खिलाफ बयानबाजी की जा रही है वो किसी राजनीति षड़यंत्र को दर्शा रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष को चाहिए कि वो सभी को मिलकर काम करें लेकिन वो व्यक्ति विशेष के बहकावे में आकर इस तरह के बयान दे रहे है जिससे संगठन को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि कुमार शैलजा जब अध्यक्ष थी तब उनकी अगुवाई में कांग्रेस में शामिल होने वाले नेता आज उनके ऊपर आरोप लगा रहे है। आज कांग्रेस में दो तरह के नेता है एक वो जिसके मन में कांग्रेस बसती है। जिनका सबसे बड़ा उदाहरण कुमारी शैलजा है। एक वो नेता है जो स्वार्थ की राजनीति करते हुए कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का काम कर रहे है। कांग्रेस हाईकमान को चाहिए कि ऐसे नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।