संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। रामगढ़ गांव में चोरों ने मकान का ताला तोड़कर दो हजार रुपये की नकदी व जेवरात चोरी करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रामगढ़ गांव निवासी ईश्वर सिंह ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी इंद्रो देवी गांव के राजकीय स्कूल में मिड डे मील वर्कर लगी हुई है। परिवार के सभी लोग अपने-अपने काम पर चले गए थे। दोपहर को स्कूल की छुट्टी के बाद इंद्रो देवी घर पर पहुंची तो मकान का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा हुआ था। मकान से एक सोने का टिक्का, एक नाथ, तीन ओम, दो जोड़ी बाली, एक सोने की अंगूठी व दो हजार रुपये गायब मिले। आसपास पता करने पर चोरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।