जींद। भिवानी रोड स्थित गोपाल नगर में पत्नी के साथ चल रहे मनमुटाव के बाद बच्चों को लेने वाले युवक के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। युवक ने ससुराल वालों पर सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। शहर थाना पुलिस ने जोगिंद्र, संतोष, मोहित और सुषमा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फरीदाबाद के सेक्टर-28 निवासी सौरभ गोयल ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी वर्ष 2019 में गोपाल नगर निवासी सुषमा के साथ शादी हुई थी। शादी के दो-तीन साल तक तो सब कुछ सही रहा। फिर उसकी सास संतोष उनकी गृहस्थी में दखलंदाजी करने लगी। शादी के बाद उसकी पत्नी ने एक बेटे और बेटी को जन्म दिया। जब ज्यादा दिक्कत हो गई तो वह दोनों अलग रहने लगे। फिर वह 18 फरवरी को अपने पिता घनश्याम, भाई अंकित गोयल के साथ अपनी पत्नी तथा बच्चों को लेने के लिए ससुराल आया तो उसके ससुर जोगिंद्र, सास संतोष, साला मोहित और पत्नी सुषमा ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान उन्होंने उसके गले से सोने की चेन भी टूट कर वहीं गिर गई। जांच अधिकारी रीना रानी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में जोगिंद्र, संतोष, मोहित और सुषमा के खिलाफ मारपीट करने तथा धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद