आढ़तियों द्वारा मंडी गेट पर जड़ा गया ताला।
- फोटो : Jind
नई अनाज मंडी में धान की खरीद शुरू नहीं होने से आक्रोशित आढ़तियों ने मंडी गेट पर तालाबंदी कर दी और सरकारी खरीद एजेंसियों के खिलाफ रोष व्यक्त किया। कच्चा आढ़ती संघ के प्रधान शिवचरण कंसल बताया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार मंडी में धान की खरीद एक अक्तूबर से शुरू हो जानी चाहिए थी लेकिन 17 दिन बीत जाने के बावजूद भी खरीद कार्य शुरू नहीं हो पाया है। सफीदों मंडी धान की ढेरियों से अटी पड़ी है और किसान के साथ-साथ आढ़ती बेहाल हैं। आढ़ती खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने परेशान होकर यह तालाबंदी की है। सूचना पाकर प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार रामपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बात की। रामपाल शर्मा ने खरीद एजेंसियों को मंडी में खरीद शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने आढ़तियों को विश्वास दिलाया कि आज से ही मंडी में धान की खरीद शुरू हो जाएगी और सीजन के दौरान किसानों व आढ़तियों को किसी भी प्रकार की दिक्कतें नहीं आने दी जाएंगी। इसके बाद आढ़तियों ने मंडी गेट का ताला खोल दिया। उसके उपरांत हरियाणा वेयर हॉउसिंग कार्पोरेशन के खरीददार मंडी में पहुंचे और धान की खरीद का कार्य शुरू किया।