27जेएनडी36: अस्पताल के नए भवन में जांच करते हुए एनक्वास की टीम। तामीरदार
जींद। नागरिक अस्पताल में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्वास) की तीन सदस्यीय टीम ने मंगलवार को दूसरे दिन नई बिल्डिंग में ओपीडी, दवा खिड़की और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली गई। टीम ने छोटी-मोटी खामियों को दूर करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए स्टाफ को सुझाव दिए। टीम में डॉ. दक्षेश कुमार सोलंकी, डॉ. मानवप्रीत कौर ढिल्लों और डॉ. मीना मित्तल शामिल हैं। मंगलवार को नई बिल्डिंग के विभिन्न विभागों के साथ दवाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए बैनर भी देखे। टीम ने निर्देश दिए कि मरीजों के साथ शालीन व्यवहार किया जाए और चलने में असमर्थ मरीजों को व्हीलचेयर या स्ट्रेचर उपलब्ध करवाया जाए। चिकित्सक, स्टाफ नर्स और अन्य कर्मचारी ड्रेस कोड में नजर आए। स्ट्रेचर पर चादरें भी उपलब्ध थीं। टीम बुधवार को भी निरीक्षण करेगी। इसके बाद रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपी जाएगी। नागरिक अस्पताल के पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया ने बताया कि टीम तीन दिन के निरीक्षण पर आई है। अस्पताल में कुल 17 विभाग हैं। टीम के सदस्यों की ओर से दिए गए सुझावों पर अमल किया जाएगा। संवाद